L19/Ranchi : राज्य में ठंड का कहर बढ़ रहा है। जिससे रविवार को राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर चली। दर्ज किया गया कि लगभग सभी जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे है। उत्तरी भारत से चलनेवाली हवा ने झारखंड को कांपने पर मजबूर कर दिया। मौसम विभाग ने आशंका जतायी कि 15 जनवरी को राज्य के कई हिस्सों में शीतलहरी चल सकती है। विशेषकर राज्य के उत्तरी हिस्से में इसका असर रहेगा। आज कई इलाकों में कोहरा भी रह सकता है।
राजधानी का न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेसि, जबकि डालटनगंज-गढ़वा का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेसि पहुंच गया है। राजधानी के ग्रामीण इलाकों में पड़ने वाले कांके का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेसि रिकार्ड किया गया है। कांके का न्यूनतम तापमान बीएयू में स्थित मौसम नापनेवाली मशीन का है। मैक्लुस्कीगंज का भी पारा लगातार नीचे गिर रहा है। यहां एंग्लो इंडियन समुदाय के बॉबी गॉर्डन स्थित घर लगे तापमान मापक यंत्र से रविवार सुबह 6:00 बजे न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि, दिन में खिली धूप से लोगों ने राहत की सांस ली।
17 और 18 को हो सकती है बारिश
राज्य के कुछ हिस्सों में 16 जनवरी से मौसम का मिजाज बदलेगा। आसमान में बादल छाये रह सकते हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य के दक्षिणी (कोल्हान), उत्तरी-पूर्वी (संताल और कोयलांचल) तथा मध्य (राजधानी और आसपास) में कहीं-कहीं 17 और 18 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान राजधानी अन्य इलाकों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेसि से अधिक बढ़ सकता है। अनुमान है कि 19 जनवरी से मौसम साफ हो जायेगा। मौसम साफ होने के बाद न्यूनतम तापमान एक बार फिर गिर सकता है।
जिला—अधिकतम—न्यूनतम
- रांची—23.2—7.9
- जमशेदपुर—26.8—9.0
- डालटनगंज—26.7—5.0
- बोकारो—22.1—7.1
- चाईबासा—28.4—7.4
- देवघर—19.3—7.7
- गिरिडीह—21.0—8.1
- गढ़वा—24.1—4.8
- गोड्डा—18.6—7.3