L19 DESK : केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय का अतिरिक्त पदभार संभालने के बाद केंद्रीय आदिवासी कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा शनिवार को रांची पहुंचे। रांची के बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय एय़रपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अर्जुन मुंडा का भव्य स्वागत किया। उन्हें केंद्रीय नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा की जीत को लेकर पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। भाजपा नेताओं ने एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री को कृषि मंत्री का पदभार संभालने को लेकर शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा भी मौजूद थीं। रांची पहुंचने के बाद वे सड़क मार्ग से खूंटी के लिए रवाना हुए। खूंटी के रनिया में एकलव्य वे मॉडल आवासीय विद्यालय का शिलान्यास करेंगे, इसके बाद वे फिर रांची वापस लौटेंगे और आज रात ही दिल्ली के लिए रवाना होंगे। जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने नई दिल्ली में शुक्रवार 8 दिसंबर को कृषि भवन स्थित मंत्रालय में कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय का अतिरिक्त पदभार संभाला था।
केंद्रीय मंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कृषि अपने आप में एक बड़ा कार्यक्षेत्र है. क्योंकि किसान है तो हम है हमारा जीवन है। कृषि उपज इस देश का. सारे संकटों का समाधान है। कृषि क्षेत्र में हमें जिस तरीके से प्रधानमंत्री ने हमेशा देश के सीमांत किसानों को, लघु किसानों को ऐसे सारे लोगों को प्राथमिकता देते हुए हमारे देश को आत्मनिर्भर भारत बनाना है। साथ मिलकर हमारे देश के उत्पादन को बढ़ाते हुए हम उन्हें सम्मान देने का काम करेंगे।
केंद्र ने किसान सम्मान योजना प्रारंभ की है। और प्रत्येक किसानों को सम्मान करते हुए कि वे देश का पेट भर रहे हैं। वे अन्नदाता हैं, उनका सम्मान होना चाहिए और किसानों के लिए लगातार भारत सरकार भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से शोध के ऊपर में रिसर्च के साथ इस देश की मिट्टी में जो ताकत है और यहां के किसानों की जो ताकत है वो सही तरीके से आगे बढ़ें, यही प्रधानमंत्री की कोशिश है।