L19/E. Singhbhum : छठ पर्व के दिन एक दर्दनाक घटना राज्य से सामने आय़ी है। दरअसल, अमेरिका से छठ मनाने के लिये एक शख्स अपने ससुराल कदमा जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में उनकी मौत हो गयी। घटना शनिवार सुबह की है। मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र स्थित आस्था स्पेस टाउन के रहने वाले रजनीश श्रीवास्तव महज़ 44 वर्ष के थे। वह जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराये गये थे।
मिली जानकारी के अनुसार, रजनीश अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ कदमा स्थित ससुराल में हो रहे छठ पर्व के लिये अमेरिका से शुक्रवार की देर रात करीब डेढ़ बजे कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से वह जमशेदपुर के लिये कार से रवाना हुए। मानगो के बालीगुमा से कुछ दूर चलते ही एक होटल में चाय की चुस्कियां ली। उसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। अफरा तफरी में उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया। मगर उन्हें नहीं बचाया जा सका।
बताया जा रहा है कि रजनीश की शादी साल 2008 में हुई थी। अमेरिका में वह सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे थे। रजनीश के पिता नागेंद्र श्रीवास्तव टाटा स्टील में अफसर पोस्ट पर थे। वे आस्था स्पेस टाउन के निवासी थे। कुछ महीने से बड़े बेटे के पास रायपुर में रह रहे थे।
रजनीश की मौत की जानकारी मिलने पर उनके पिता, भाई और रिश्तेदार शनिवार देर रात रायपुर से शहर पहुंच गये। एमजीएम मेडिकल कॉलेज में शव को पोस्टमार्टम के लिये ले जाया गया।