L19 DESK : निर्दलीय विधायक व भारतीय जनतंत्र मोर्चा के संरक्षक सरयू राय ने कहा है कि अगले महीने तक हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार गिर जायेगी। झारखंड में विपक्षी दलों को अपनी भूमिका तय करनी होगी। विपक्ष भी भ्रष्टाचार के मुद्दों को उठाने में संकोच करेगा, तो फिर अंतर क्या रह जायेगा। अभी राज्य में कुछ ऐसी ही स्थिति बनी है। विपक्षी दल भी भ्रष्टाचार के मामले में बोलने से संकोच कर रहे हैं।
धनबाद में भाजपा के कृष्णा अग्रवाल ने दल से इस्तीफा दे दिया। जिस तरह की सूचनाएं आ रही हैं, उससे ऐसा प्रतीत होता है कि झारखंड की हेमंत सरकार दिसंबर तक शायद ही बरकरार रहे। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार विधिसम्मत तरीके से काम नहीं कर रही है। सरयू राय रविवार को राजधानी रांची में भारतीय जनतंत्र मोर्चा के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सीएम का सरकार पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। धनबाद में अराजक स्थिति बनी हुई है, जिसकी कल्पना नहीं की जा सकती है। विपक्ष भी इसके खिलाफ आवाज उठाकर खतरा मोल नहीं लेना चाहता है।
इस स्थिति में आखिर राज्य का भला कैसे होगा. सम्मेलन में भारतीय जनतंत्र मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए भारतीय जनतंत्र मोर्चा ही सबसे भरोसेमंद पार्टी है। सम्मेलन को मोर्चा के केंद्रीय सचिव सोमेन दत्ता, केंद्रीय उपाध्यक्ष पीएन सिंह, धनबाद जिलाध्यक्ष उदय सिंह, पलामू जिलाध्यक्ष दिलीप पांडेय, रांची के जिलाध्यक्ष अशोक ठाकुर, आशीष शीतल मुंडा और सुशील कुमार ने भी संबोधित किया।