L19/DESK : राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में मौसम करवट ले रहा है। छिटपुट बारिश होने के साथ ही ठंड महसूस होने लगा है। दिन में मौसम तो सामान्य रहता है लेकिन देर शाम होते ही ठंड का अहसास होने लगा है। लोग गर्म कपड़े निकाल रहे हैं। रांची में तो शाम ढलते ही ठंड का असर बढ़ने लगता है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक पश्चिमि विक्षोभ की वजह से मौसम ने रूख बदला और बारिश हुई।
इसी वजह से ठंड का असर बढ़ा है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अभी रांची सहित कई जिलों में बादल छाया रहेगा। दिन में मौसम सामान्य रहेगा। अगले एक से दो दिनों तक बादल का असर छाया रहेगा। बीते दिनों हुई बारिश की वजह से तापमान में कमी आई है। ठंड बढ़ी है। उन्होंने बताया कि बादल छंटने के बाद आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री तक की कमी आ सकती है। ऐसे में लोगों के सेहत पर असर हो सकता है।
मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक वर्षा 53 मिमी पश्चिम सिंहभूम के टोंटो में रिकार्ड किया गया। जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री गोड्डा का और सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री गढ़वा का रिकार्ड किया गया। रांची का अधिकतम तापमान चार डिग्री तक गिरा है। रांची का अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री रहा।