L19 DESK : विरोध में किशोरगंज और आसपास की सभी दुकानें बंद राजधानी रांची में त्योहारों के अवसर पर आपराधिक घटनाएं बढ़ गयी हैं। बीती रात कोतवाली थाना क्षेत्र के किशोरगंज चौक में मिठाई दुकान के संचालक और स्टाफ पर हथियार बंद युवकों ने हमला कर दिया। रविवार को घटना के विरोध में किशोरगंज और आसपास के व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखी हैं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गयी है।
शनिवार रात किशोरगंज चौक पर एक गुट के 70 से 80 लोग एक साथ प्रीति स्वीट्स के संचालक रुद्र प्रताप नाथ शाहदेव और उनके स्टाफ मनोज यादव पर हमला कर दिया था। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये थे.घटना के बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि शनिवार रात 8:30 बजे किशोरगंज चौक पर हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के रहने वाले बिल्डर निलेश लाल अपनी कार सड़क किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक ने कार को धक्का का मार दिया। जिसको लेकर दोनों पक्षों में थोड़ी कहासुनी हो गयी।
प्रीति स्वीट्स के संचालक और स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप में मामला शांत हुआ। इसी बीच स्कूटी सवार युवकों ने मामले की सूचना फोन कर किसी को दी। इसके बाद एक पक्ष के लोग 70 से 80 की संख्या में तलवार और लाठी डंडे से लैस होकर रात पौने दस बजे मौके पर पहुंचे और प्रीति स्वीट्स पर हमला कर दिया। विरोध करने पर होटल संचालक और उसके स्टाफ को जमकर पीटा. जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये।