झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नवनियुक्त 66 पशु चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में लगातार नियुक्तियां हो रही हैं। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। झारखंड गठन के वक्त जो कार्य होना चाहिए था, वह झामुमो की सरकार आज कर रही है। राज्य की झामुमो, कांग्रेस और राजद गंठबंधन सरकार की प्राथमिकता में युवा हैं। उन्हें रोजगार देने में सरकार जुटी हुई है। पिछले दिनों पलामू में आयोजित प्रमंडल स्तरीय रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं के बीच ऑफर लेटर का वितरण किया था। रोजगार मेले के जरिए अब तक 40 हजार से अधिक युवाओं को ऑफर लेटर दिया जा चुका है। इसी क्रम में पशु चिकित्सकों को आज नियुक्ति पत्र सौंपा गया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में लगातार नियुक्तियां हो रही हैं। अभी बड़े पैमाने पर नियुक्ति होनी है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में है। सरकार ने डॉक्टर, इंजीनियर व शिक्षकों समेत अन्य पदों पर बहाली की है। उन्होंने कहा कि झारखंड सुखाड़ से परेशान है और सरकार उससे निबटने की दिशा में प्रयासरत है। इसके बाद भी कुछ लोग सरकार को बदनाम करने का कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। झारखंड सरकार बनते ही कोरोना से जूझती रही. इसका डटकर मुकाबला किया और किसी को भूखा नहीं रहने दिया। तमाम चुनौतियों के बाद भी उन्हें परेशान किया जा रहा है और सरकार की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन सरकार विकास कार्यों पर जोर दे रही है। इस मौके पर कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।