L19/Ranchi : झारखंड को जल्द ही टाटा-बनारस वाया रांची वंदे भारत ट्रेन शुरू होने जा रहा है। दरअसल, रेल मंत्रालय आने वाले दिनों में देश के 25 शहरों से वंदे भारत ट्रेन शुरू करेगा। इसके लिए रेलवे बोर्ड ने सूची भी जारी की है। इस सूची में टाटा-बनारस वाया रांची वंदे भारत ट्रेन शामिल है। जानकारी के अनुसार, इस रूट पर ट्रेन चलने को लेकर रेलवे की ओर से सर्वे कार्य शुरू किया जायेगा। जानकारी के अनुसार, ट्रेन नवंबर के अंत में या दिसंबर में शुरू करने की योजना है। यह वंदे भारत ट्रेन आठ कोच की होगी। वहीं, लंबी दूरी की ट्रेनों में स्लीपर कोच देने की भी योजना है।
मालूम हो कि झारखंड को अब तक तीन वंदे भारत ट्रेन मिल चुकी है। पहला रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस, दूसरा रांची-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस और तीसरा पटना-हावड़ा वाया जसीडीह वंदे भारत एक्सप्रेस। रांची-पटना वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत इसी साल जून में हुई है। अगस्त तक इस ट्रेन का रूट बदल गया। पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस उद्घाटन के बाद बरकाकाना से टाटीसिलवे होते हुए रांची तक चलायी जा रही थी। रूट बदलने के बाद से रांची-पटना वंदे भारत ट्रेन बरकाकाना-मुरी के रास्ते चल रही है। पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ वीरेंद्र कुमार ने बताया है कि यह व्यवस्था अगले आदेश तक जारी रहेगी। यानी अभी उम्मीद है कि इसे फिर से पहले वाले रूट से चलाई जा सकती है। या फिर नया रूट भी हो सकता है।