L19 DESK : राज्य के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले आठवीं कक्षा के नौ लाख छात्र-छात्राओं को साइकिल की राशि 4500 रुपये दी जाएगी। यह राशि 2020-21, 2021-22 और 2022-23 में आठवीं में रहे छात्र-छात्राओं को दी जाएगी। आदिवासी कल्याण आयुक्त अजय नाथ झा ने सभी जिलों के उपायुक्तों से स्कूलवार लाभान्वित होने वाले छात्र-छात्राओं की जानकारी मांगी है।
बता दे की वर्तमान समय में पीएल खाते में इसकी राशि जमा है। इसमें लगभग नौ लाख लाभार्थियों को डीबीटी के जरिए से राशि देने का निर्णय लिया गया है। जिलों से विद्यालयवार छात्र-छात्राओं की सूचना 15 अक्टूबर तक मांगी जमा करने को कहा गया है।
मिलने वाली सूचना के आधार पर छात्र-छात्राओं के खाते में डीबीटी के माध्यम से राशि का भुगतान किया जाएगा। वहीं, वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2024-25 के लिए खुली निविदा के माध्यम से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ी जाति और अल्पसंख्यक समुदाय के लगभग छह लाख छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभाग द्वारा निविदा की कार्रवाई शुरू की जा रही है।