L19 DESK : झारखंड में डेंगू लगातार अपना प्रकोप बढ़ाता जा रहा है। इससे मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े के अनुसार, गुरुवार को राज्य में डेंगू के 39 नये मरीज मिले। इनमें से 26 पूर्वी सिंहभूम, 9 साहिबगंज और 4 धनबाद से हैं। वहीं, एक 8 साल की बच्चे की मौत की भी खबर आयी है। बच्चे टीएमएच जमशेदपुर में भर्ती था। वह डेंगू से पीड़ित था।
आंकड़ा निकालें तो राज्य में अबतक 1447 डेंगू के मरीजों की पुष्टि हुई है, जिनमें से अकेले 901 पूर्वी सिंहभूम के हैं। वहीं, राजधानी रांची में 69 ऐसे मरीजों की पुष्टि हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि डेंगू से मिलने वाले सिर्फ 10 % मरीजों को ही प्लेटलेट्स की कमी हो रही है। जिनका प्लेटलेट्स कम हो रहा है, उन्हें सिंगल डोनर प्लेटलेट्स की जरूरत पड़ रही है। आरडीपी से मरीजों को खासा लाभ नहीं मिल रहा है। मगर ब्लड बैंकों में सिंगल डोनर प्लेटलेट्स के लिये किट के लिये कम से कम 9.50 हजार रुपये लगाने पड़ रहे हैं। ऐसे में गरीबों के लिये बहुत बड़ी परेशानी खड़ी हो गयी है।