L19 DESK : झारखंड में दक्षिण पूर्व मानसून की घनघोर बौछारें अक्तूबर के पहले सप्ताह तक जारी रहेगी। मौसम विभाग ने बताया कि अंडमान सागर में बन रहे लो प्रेशर के प्रभाव झारखंड पर रहेगा। आज भी राज्य के उत्तरी और निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
वैसे भी राज्य के संताल परगना, रांची, खूंटी, सिमडेगा, हजारीबाग तथा अन्य हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। बुधवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई है। सबसे अधिक बारिश 52.2 मिमि दुमका में रिकार्ड की गयी है और सबसे अधिक तापमान 34 डिग्री सेल्सियस गढ़वा में रिकार्ड किया गया है।
मौसम विभाग ने बताया कि गर्जन और वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया है। साइक्लोन सर्कुलेशन का प्रभाव झारखंड में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने कहा है कि झारखंड में वज्रपात की संभावना है इसे लेकर लोग सावधान रहें। राज्य में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी और यह 30 सितंबर तक रहेगा।
महीने की शुरुआत में बारिश और तेज हो सकती है। 30 सितंबर तक राज्य में वज्रपात की संभावना ज्यादा है। राज्य के दक्षिणी और मध्य भाग में ज्यादा बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने अक्टूबर के शुरुआती महीने में भी बारिश की संभावना जाहिर की है। मौसम विभाग ने बताया कि सितंबर में राज्य में अच्छी बारिश हुई है। अब भी राज्य में 27 प्रतिशत कम बारिश हुई है। राज्य में बारिश होने के बाद स्थिति में सुधार हुआ है।
मानसून बारिश की स्थिति काफी अच्छी हुई है। 7 जिलों में सामान्य बारिश हुई है 14 जिले ऐसे हैं जहां सामान्य से कम बारिश हुई है और तीन जिले ऐसे हैं जहां बारिश लगभग सामान्य है। राज्य में बारिश की स्थिति में हुई सुधार से काफी राहत मिली है।