L19 DESK : झारखंड में मॉनसून फिर सक्रिय होने वाला है। बुधवार 13 सितंबर से लगातार तीन दिनों तक भारी बारिश होगी। इस दौरान अलर्ट जारी किया गया है। यह जानकारी रांची मौसम केंद्र ने 11 सितंबर को दी। राज्य में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना बताई जा रही है।
केंद्र के मुताबिक 12 सितंबर को राज्य में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। 13 सितंबर को राज्य में कई स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। 14 सितंबर को राज्य में लगभग सभी स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना बताई जा रही है।
राज्य के दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भागों में 13 सितंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसका असर पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा, खूंटी, रांची, गुमला, रामगढ़, बोकारो आदि जिलों में देखने को मिलेगा। राज्य के दक्षिण- पश्चिमी और निकटवर्ती मध्य भागों में 14 सितंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसका असर पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा, खूंटी, रांची, गुमला, लोहरदगा आदि जिलों में देखने को मिलेगा।
राज्य के पश्चिमी और निकटवर्ती मध्य भागों में 15 सितंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसका असर पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा, खूंटी, रांची, गुमला, लोहरदगा, गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, पलामू, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो आदि जिलों में देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि 12 सितंबर से 15 सितंबर तक राज्य में कहीं-कहीं गर्जन के साथ वज्रपात होने की आशंका है। इसे लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।