L19/Bokaro : डुमरी विधानसभा चुनाव को लेकर बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने ससारखो मंडल के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने अपने सम्बोधन में एक बार फिर हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आखिर जनता झामुमो को वोट क्यों दे? इस ठगबंधन की सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में राज्य की जनता के लिए क्या किया है। राज्य में केवल लूट मची है। मुख्यमंत्री लुटेरों के संरक्षक बन बैठे हैं।
आगे बाबूलाल ने कहा की इस राज्य को हेमंत सरकार में दलाल, बिचौलिए चला रहे। खान, खनिज, लोहा, कोयला,बालू ,पत्थर के साथ गरीबों, आदिवासियों की जमीन लूटी जा रही और हेमंत सोरेन इन लुटेरों को पकड़ कर जेल नहीं भेज रहे बल्कि उनके लिए महंगे वकील रख कर बचाने के लिए हाई कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट में पैरवी कर रहे। और जो जेल चले गए उन्हें भी बाहर निकालने के लिए पैरवी कर रहे।
इससे सपष्ट हो चुका है कि मुख्यमंत्री लूट में शामिल हैं और लुटेरों के संरक्षक हैं। आगे उन्होंने हेमंत सोरेन पर तंज कसते हुए कहा की इन सब की पुरानी आदत है। अलग राज्य आंदोलन को भी नरसिम्हा राव की गोद में बैठकर पैसे लेकर बेच दिया। ये पैसे लेने के कारण तिहाड़ जेल भी गए।
उन्होंने कहा कि भाजपा और एन डी ए की सरकार बनती है तो विकास होता है। जबकि कांग्रेस झामुमो राजद की सरकार बनती है तो भ्रष्टाचार और लूट मचती है। आज राज्य की कानून व्यवस्था चौपट है। बहन बेटियां सुरक्षित नहीं। उन्हें पेट्रोल से जलाया जा रहा, टुकड़ों में काट दिया जा रहा,पेड़ से लटका दिया जा रहा। और आज तक एक भी अपराधी को सजा नहीं हुई। पुलिस वसूली में लगी रहती है। हेमंत है तो अपराधियों लुटेरों को हिम्मत है।
आगे उन्होंने कहा कि अटल बिहारी बाजपेई की सरकार ने अलग राज्य बनाया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांवों में सड़कें पहुंचाई। आदिवासी मंत्रालय बनाए, संथाली भाषा को संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल किया। और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांव, गरीब किसान, मजदूर ,महिला सभी के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई।
जनधन खाता, किसान सम्मान निधि, उज्जवला गैस योजना, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, नल जल योजना, प्रति माह 5 किलो मुफ्त अनाज , आयुष्मान योजना से इलाज जैसे अनेक कल्याणकारी कार्य को धरातल पर उतारा। आदिवासियों को सम्मान मोदी सरकार ने दिया। पहली बार आजाद भारत में 8 आदिवासी मंत्री बने। बिरसा मुंडा की जयंती जनजाति गौरव दिवस घोषित हुआ। और आदिवासी महिला,संथाल समाज की बेटी को देश का राष्ट्रपति बनाया