L19/Sahibganj : झारखंड में हुए 1000 करोड़ के अवैध खनन, ट्रांसपोर्टेशन घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने डीएसपी राजेंद्र दुबे को पूछताछ के लिए फिर बुलाया है। राजेंद्र दुबे वर्तमान में साहिबगंज के डीएसपी के पद पर पदस्थापित हैं। इससे पहले बीते नौ दिसंबर 2022 को ईडी ने करीब आठ घंटे तक पूछताछ की थी। मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनधि पंकज मिश्रा की गिरफ्तारी के बाद डीएसपी राजेंद्र दुबे लगातार उससे संपर्क में थे। ईडी के समक्ष राजेंद्र दुबे ने कबूला है कि वह रिम्स के पेईंग वार्ड में जाकर गैरकानूनी तरीके से पंकज मिश्रा से मिले थे। उनसे फोन पर बात की थी।
राजेंद्र दुबे ने बताया है कि पंकज मिश्रा और अपने वरीय अधिकारियों के निर्देश पर ही ईडी के गवाहों को प्रभावित करने की कोशिश की थी। ईडी को जानकारी मिली है कि गिरफ्तार किये गये पंकज मिश्रा के संरक्षण में राजेन्द्र दुबे ने भी काफी संपत्ति अर्जित की है। ईडी ने डीएसपी से उनके और उनके रिश्तेदारों के जमीन बैंक सहित कई तरह के कागजातों की डिमांड की है, ताकि उसकी जांच की जा सके।