L19/Deoghar : एक महीने में पैसा डबल करने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डोरंडा थाना की पुलिस ने देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दुमका निवासी अभियान सिंह उर्फ चंदन उर्फ सरफराज के रूप में की गई है। बता दें कि अभियान सिंह के खिलाफ कई महिलाओं ने देवघर और रांची के डोरंडा थाना में ठगी का मामला दर्ज कराया था। उसने खुद को सीबीआई अफसर बताकर कई महिलाओं से करोड़ों रुपए की ठगी की है।
बता दें कि अभियान सिंह ने महिलाओं को 30 दिनों में पैसा डबल करने का लालच दिया था। आरोपी के जाल में आकर कई महिलाओं ने लाखों रूपये उसके फर्जी कंपनी ड्रीम फाउंडेशन में निवेश कर दिया। जब महिलाएं पैसों के लिए कंपनी के ऑफिस पहुंची तो पता चला कि अभियान सिंह अपने दफ्तर में ताला लगाकर फरार हो चुका है। इसके बाद महिलाओं ने इसकी शिकायत देवघर एसपी से की थी।