L19 DESK : माकपा नेता सुभाष मुंडा हत्याकांड मामले में नगड़ी पुलिस ने हत्या के मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधी का नाम कन्हैया सिंह है, जिस पर विभिन्न थानों में 34 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। राजधानी रांची और खूंटी सहित कई जिलों में गो तस्करी, अवैध हथियारों की खरीद बिक्री, जमीन दलाली करके कब्जा करने और अन्य तरह का अपराधिक इतिहास अपराधी कन्हैया सिंह के खिलाफ दर्ज है।
घटना को अंजाम देने के बाद कन्हैया सिंह दिल्ली भाग गया था। माकपा नेता सुभाष मुंडा की 26 जुलाई की रात उस समय तीन अपराधियों ने हत्या कर दी थी, जब वह अपने दफ्तर में बैठे थे। सुभाष मुंडा के हत्या होने की खबर मिलते ही पूरे इलाके समेत राजधानी रांची में लोग आक्रोशित होकर अपराधियों के जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग प्रशासन से कर रहे थे। इस घटना के बाद रांची के एसएसपी ने नगड़ी थानेदार को सस्पेंड कर दिया था। साथ ही इनके जगह पर 2018 बैच के रोहित को नगड़ी थानेदार का प्रभार सौंपा था। कन्हैया सिंह के पहले तीन शूटरों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था।