L19/Ranchi : टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपने रांची स्थित फार्म हाउस में इन दिनों रह रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस के दिन उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो उनके फॉर्म हाउस के बाहर मौजूद उनके फैन ने रिकॉर्ड की और शेयर किया है। इस वीडियो में वे होंडा रेपसोल 150 की सवारी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि वे आर्मी जैकेट पहने हुए बाइक चला रहे हैं। उनके फॉर्म हाउस के गेट के बाहर मौजूद उनके फैन उन्हें आवाज दे रहे हैं। वीडियो क्लिप में धोनी पूरी मोटरसाइकिल राइडिंग गियर में एक बड़े लाल रंग के दरवाजे से गुजर रहे हैं।
प्रशंसक खिलाड़ी की एक झलक पाने की कोशिश कर रहे हैं। यामाहा आरएक्स 135 से लेकर हार्ले डेविडसन तक है बाइकों में मार धोनी के करीबी और उन्हें जानने वाले बताते हैं कि महेंद्र सिंह धोनी जब खड़गपुर रेलवे में नौकरी कर रहे थे तब उनके पास यामाहा आरएक्स 135 बाइक थी। यह उनकी पहली बाइक थी। इसे उन्होंने तब 30 हजार रुपए में खरीदी थी। धोनी के गैराज में सामान्य बाइक से लेकर महंगी बाइक्स का कलेक्शन है। उनके गैराज में कॉन्फेडरेट हेलकैट एक्स132 है। जिसकी कीमत 47 लाख रुपये है। अन्य महंगी बाइक्स में डुकाती 1098 है। इसकी कीमत 35 लाख रुपये के करीब है। कावासकी निंजा एच 2 भी है। इसकी कीमत 36 लाख रुपये बतायी जाती है। इसके अतिरिक्त 22 लाख की हार्ले डेविडशन फैट बॉय और लगभग 17 लाख की सुजकी हायाबुसा भी है।