L19/DESK : 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर राजधानी रांची में झारखंड आदिवासी महोत्सव-2023 मनाने की जोरदार तैयारी चल रही हैं। इस महोत्सव में लोगों को झारखंड की जनजातीय कला-संस्कृति का अद्भुत, अनूठा समागम देखने को मिलेगा। यह महोत्सव राजधानी के रांची जेल परिषद स्थित भगवान बिरसा मुण्डा स्मृति उद्यान सह संग्रहालय में आयोजित किये जाएंगे ,जिसके लिए तैयारी शुरू हो चुकी हैं। इस दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम में झारखंड और अन्य राज्यों के आदिवासी संबंधित स्टॉल की प्रदर्शनी लगायी जायेगी। इस महोत्सव में राज्य के 32 जनजातीय समूह के 32 प्रकार की स्टॉल की प्रदर्शनी लगायी जायेगी,जो झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) की ओर से ये स्टॉल लगाये जायेंगे,जिसमें राज्य के सभी 32 जन जातियों के कला-संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। इसके साथ ही राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत जनजातीय स्वयं सहायता समूह के 5 स्टॉल भी लगाये जायेंगे साथ ही 6 स्टॉल कल्याण विभाग तथा 1-1 स्टॉल खादी और झारक्राफ्ट के भी होंगे।इसके अलावा इस आदिवासी महोत्सव में राज्य की जनता को राज्य सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी जाएगी, जिसमें कृषि, कल्याण, ग्रामीण विकास, श्रम, शिक्षा, समाज कल्याण आदि से संबंधित योजनाओं के स्टॉल होंगे।
इस दो दिवसीय राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रदर्शनी जैसे मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, फूलो-झानो आशीर्वाद एवं बिरसा हरित ग्राम अभियान, सारथी योजना, गुरुजी क्रेडिट कार्ड, सर्वंजन पेंशन योजना, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, मरांग गोमके जयपाल सिंह मुण्डा ओवरसीज स्कॉलरशिप स्कीम आदि से संबंधित स्टॉल लगायें जायेंगे ताकि लोग योजना की जानकारी के साथ-साथ लाभान्वित होने की प्रक्रिया भी जान पायें। इसके साथ ही जोहारग्राम, जोबरा, ट्राइबल इंडियन चेंबर एंड इंडस्ट्री, चाला अखड़ा खोरहा, लाइव आर्टिसन और डॉक्टर मनीषा उरांव ओपन फील्ड के भी स्टॉल लगायें जायेंगे।