L19/Ranchi : बुधवार की रात रांची के रिंग रोड दलादली चौक में माकपा नेता सुभाष मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। गुरुवार सुबह से विभिन्न आदिवासी संगठन और सुभाष मुंडा के समर्थकों ने रांची बंद कराया। रांची-गुमला रोड जाम रखा। वहीं शहरी क्षेत्र में बंद समर्थकों ने दुकानें बंद करायी। लोगों के बीच इस हत्याकांड को लेकर काफी आक्रोश है। वहीं पुलिस मुख्यालय ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। इस हत्याकांड की जांच होगी। इसके लिए टीम का गठन किया गया है। शुक्रवार से शुरू होनेवाली झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर आज यूपीए विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री आवास में आयोजित की जा रही है। बैठक में यूपीए विधायकों ने राजधानी के गिरते कानून-व्यवस्था को लेकर आवाज बुलंद करने का निर्णय लिया है।
रांची के सिटी एसपी के नेतृत्व में बनी जांच कमेटी
राजधानी रांची के सिटी एसपी के नेतृत्व में सुभाष मुंडा हत्याकांड की जांच के लिए एसआइटी गठित की गयी है। इस टीम को सिटी एसपी शुभांशु जैन को नेतृत्वकर्ता की जिम्मेवारी दी गयी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस टीम में दो डीएसपी, दो एसआई और दो एएसआई रैंक के अधिकारी होंगे। वहीं पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुछ संदिग्धों को पकड़ कर उनसे पूछताछ की जा रही है। आधा दर्जन से ज्यादा भू-माफियाओं को पुलिस हिरासत में लिए हुए हैं।