L19/DESK : राज्य में पिछले एक सप्ताह से काले बादल नजर आ रहे हैं लेकिन बारिश नहीं हो रही है।वर्षा ना होने से राज्य मे अभी तक किसानों द्वारा धान का बिछड़ा लगाया नहीं गया है। इधर झारखंड के कई जिलों में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की संभावना नजर आ रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य केके 6 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग का कहना है कि संताल परगना के 6 जिलों में अगले 24 घंटे के भीतर भारी बारिश होगी। इन इलाकों में मुख्य रूप से देवघर, जामताड़ा, गोड्डा, दुमका, साहिबगंज और पाकुड़ शामिल हैं जहां तेज बारिश होगी। राज्य में मानसून पड़ने के दौरान भी इन जिलों में खूब बारिश हुई थी।
मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में 5 जुलाई के बाद कई हिस्सों में मानसून धीरे- धीरे फैलेगा और इसका असर दिखने लगेगा। मौसम विभाग ने 6 जुलाई से मानसून के फिर से सक्रिय होने की संभावना जाहिर की है। छह जुलाई के बाद मानसून पूरे राज्य में फैलने लगेगा। 6 जुलाई से 15 जुलाई तक राज्य के तकरीबन सभी जिलों में मूसलाधार बारिश होगी। जून महीने में अपेक्षाकृत कम बारिश हुई है लेकिन जुलाई में मूसलाधार बारिश से इसकी भरपाई होने की संभावना है। इस साल मानसून ने देर से प्रवेश किया है। झारखंड में मानसून 10 जून तक प्रवेश कर जाता है। 18 जून को संताल परगना में मानसून ने दस्तक दी प्रवेश करते ही मानसून कमजोर पड़ गया और इसलिए राजधानी रांची सहित आसपास के जिलों में औसत से कम बारिश हुई। अब उम्मीद जताई जा रही है कि मानसून के दोबारा सक्रिय होने से कम बारिश की कमी दूर हो जायेगी।