L19 DESK : श्रावणी मेला 2023 को लेकर रांची पहाड़ी मंदिर में तैयारियां पूरी कर ली गयी है। 59 दिन के सोमवारी को लेकर मंदिर प्रशासन ने भक्तों की सुविधा को लेकर कई व्यवस्थाएं की हैं। 19 वर्ष बाद मलमास की वजह से श्रावण मास दो महीने का पड़ रहा है। इसकी वजह से वर्ष 2023 में आठ सोमवारी व्रत होगा।
रांची के पहाड़ी मंदिर में हजारों भक्त सावन के महीने में बाबा के शरण में आते हैं। श्रावणी मेले इस बार लोगों को इस तरह की परेशानियों का सामना ना करना पड़े, इसके लिए मंदिर प्रशासन द्वारा विशेष प्रबंधन किया जा रहा है। इस बार सावन में पहाड़ी बाबा के शीघ्र दर्शन की व्यवस्था नहीं होगी। श्रद्धालुओं को पहाड़ी बाबा का दर्शन-पूजा के लिए लाइन में लगना होगा।
जिला प्रशासन औऱ पहाड़ी मंदिर विकास समिति की तरफ से इस बार भी अरघा व्यवस्था पूर्व की तरह जारी रहेगी। सोमवार के दिन आसपास के बाईलेन को वन वे किये जाने पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। पहाड़ी मंदिर विकास समिति औऱ आसपास के दुकानदार भी दो माह के श्रावणी मेले को लेकर काफी उत्साहित हैं। मंदिर में डाक बम के लिए जलार्पण करने की भी व्यवस्था की गयी है। सुबह और शाम की प्रशासनिक पूजा और आरती के दौरान भक्तों की आवाजाही पर पूर्व की भांति रोक भी लगी रहेगी।