L19 DESK : शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की मृत्यु होने के बाद खाली हुई डुमरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तैयारी पूरी कर ली गयी है। चुनाव कराने के लिए आवश्यक चीज जैसे- वीवी पैड, वोटिंग यूनिट, स्याही इंतजाम कर लिया गया है। झारखंड के चुनाव पदाधिकारी गिरिडीह और बोकारो के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर तैयारियों की समीक्षा भी कर चुके हैं। उन्होंने अपनी रिपोर्ट भारत के चुनाव आयोग को भेज दिया। जुलाई महीने में डुमरी उपचुनाव की घोषणा होने की संभावना बताई जा रही है।
डुमरी उपचुनाव 6 अक्तूबर 2023 के पूर्व कराना अनिवार्य है। संविधान के मुताबिक कोई भी विधानसभा सीट 6 महीनों से अधिक समय तक रिक्त नहीं रखी जाती है। शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की मृत्यु के बाद 6 अप्रैल से डुमरी विधानसभा सीट खाली है। आम तौर पर चुनाव की घोषणा कम से कम मतदान के 45 दिनों पूर्व की जाती है। उधर, आयोग द्वारा देश के विभिन्न राज्यों में एक साथ उपचुनाव का कार्यक्रम तय किया जाता है।
अन्य राज्यों की रिक्त पड़ी सीटों के मुताबिक भी डुमरी उपचुनाव की तिथि तय की जा सकती है। इस कारण राज्य चुनाव पदाधिकारी कार्यालय चुनाव की तैयारी पूरी कर आयोग की घोषणा का इंतजार कर रहा है। उपचुनाव के लिए वीवी पैड और वोटिंग यूनिट गिरिडीह और बोकारो जिला मुख्यालय में पहुंचा दी गयी है। बूथों के गठन की कार्यवाही पहले ही पूरी कर ली गयी है। 1500 वीवी पैड और एक हजार वोटिंग यूनिट की सहायता से चुनाव कराया जायेगा।