L19/Ranchi : पिछले चार-पांच दिनों से एक बार फिर गर्मी अपने शीर्ष पर है। झारखंड के 8 जिलों में पारा 40 के पार पहुंच चुका है। इसी में शामिल गोड्डा जिले का तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। वहीं, रांची के मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्सों- देवघर, दुमका, गोड्डा, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज जिलों में येलो अलर्ट जारी कर दिया है। इन जिलों में हीट वेव जारी है।
वहीं, राजधानी रांची की बात करें तो गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। रांची के तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। रांची में देर शाम को सतही हवा चलने से तापमान में गिरावट आती है तो वहीं, दोपहर में चिलचिलाती धूप के वजह से पारा 38 के पार चला जाता है।
राज्य में मौसम को लेकर मौसम विज्ञान केंद्र ने पूर्वानुमान दिया है। इस पुर्वानुमान के मुताबिक अगर राज्य में जून के मध्य तक मानसून नहीं आता है, तो रांची में तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच सकता है। इससे पहले भी साल 2018 में बरसात न होने के कारण रांची का तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच गया था। अगर इस बार भी ऐसी ही स्थिति रहती है, बीते 10 सालों का रिकॉर्ड टूट जाएगा।
इस संबंध में मौसम विज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि अगले 5 दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। इस बीच आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क रहने और गर्म हवाओं के चलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जायेगी।
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, 18 से 20 जून के बीच झारखंड में मानसून का आगमन होगा। हालांकि, समय पर बारिश नहीं होने के कारण किसानों की बुआई पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। इधर, पिछले 24 घंटे तक के मौसम की बात करें तो राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्सों में हीटवेव का असर देखने को मिला है।
जानें 4 दिनों के मौसम का हाल
6 जून: राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्सों के कुछ इलाकों में हीटवेव का असर देखने को मिलेगा
7 जून: राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्सों कुछ इलाकों में हीटवेव का असर देखने को मिलेगा
8 जून: आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा
9 जून: आसमान मुख्यत: साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा