L19/Khunti : झारखंड राज्य में क्राइम के बढ़ते मामलों के बीच एक और घटना सामने आयी है। दरअसल, खूंटी के कर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुल्हुट्टू जंगल में एक एचईसी कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। यह घटना शनिवार सुबह की है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना के कुछ देर पहले ही मृतक ड्यूटी के लिये रवाना हुआ था। इसके कुछ ही देर बाद घरवालों के पास खबर आयी कि जंगल में उसका शव पड़ा हुआ हौ। इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। पुलिस को इसकी सूचना मिलते ही वह हरकत में आयी। घटनास्थल पर पहुंंच कर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया।
मृतक की पहचान खूंटी के कुल्हुट्टू निवासी एचईसी कर्मी रंजीत के तौर पर हुई है। वह ज़मीन कारोबार से भी जुड़ा हुआ था। इसके वजह से कहा जा रहा है कि मृतक की हत्या का कारण जमीन विवाद था। बताया जा रहा है कि मृतक के सिर के पास से मैगजीन भी बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।