
L19 DESK : भीषण गर्मी झेल रहे झारखंड के लोगों के लिए मौसम विभाग ने सोमवार को एक अच्छी खबर दी है। रांची स्थित मौसम केंद्र ने एक तात्कालिक चेतावनी जारी की है, जिसमें कहा है कि गुमला, हजारीबाग, कोडरमा और रांची जिले में कुछ जगहों पर अगले एक से तीन घंटे में हल्के दर्जे की मेघ गर्जन होगी। वज्रपात के साथ वर्षा होने की भी प्रबल संभावना है। मौसम केंद्र रांची ने इसके मद्देनजर लोगों को सतर्क और सावधान रहने का निर्देश दिया है।
चेतावनी जारी करने के थोड़ी ही देर बाद मौसम विभाग ने एक और चेतावनी जारी की है, जिसमे कहा कि गिरिडीह, खूंटी, रामगढ़ और पूर्वी सिंहभूम जिले के कुछ भागों में अगले एक से तीन घंटे में मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ वर्षा हो सकती है। इन जिलों में कुछ जगहों पर तेज हवा भी चलने की संभावना है. हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है।
वर्षा और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी करते हुए मौसम केंद्र ने कहा कि सभी लोग सावधान और सतर्क रहें। अगर मौसम बिगड़ जाये, तो सुरक्षित जगहों पर शरण ले लें। बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे शरण लेने की गलती न करें। पेड़ के साथ-साथ बिजली के खंभों से भी दूर रहें. किसानों को भी खेत में न जाने की सलाह दी गयी है।
