GODDA /RANCHI : झारखंड के गोड्डा जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. पथरगामा थाना क्षेत्र की हिलावै पंचायत अंतर्गत अमरपुर गांव में हुई इस घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने उसके पति पर गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है.
हालांकि, महिला की मौत की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा.मृतका की पहचान विजेता कुमारी के रूप में हुई है. वह महागामा थाना क्षेत्र के माल खदहारा गांव की रहने वाली थी. वर्ष 2020 में उसकी शादी अमरपुर गांव निवासी नीतीश कुमार गुप्ता से हुई थी. दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक करीब साढ़े तीन साल की बेटी और ढाई साल का बेटा है.
पति से विवाद के बाद हत्या का आरोप
मृतका की मां और मायके वालों के अनुसार, पति की किसी दूसरी लड़की से बातचीत को लेकर विजेता और नीतीश के बीच अक्सर विवाद होता था. आरोप है कि विजेता के विरोध करने पर पति उसके साथ मारपीट भी करता था. मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि इसी विवाद के चलते उसके पति ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.मृतका की मां का कहना है कि घटना के बाद ससुराल वालों ने फोन कर उन्हें विजेता के आत्महत्या करने की जानकारी दी थी. सूचना मिलने पर जब मायके के लोग मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने बेटी के शरीर पर चोट के निशान देखे. इसके बाद परिजन उसे लेकर गोड्डा सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
इसे भी पढ़े : हजारीबाग में महिला अधिवक्ता की संदिग्ध मौत, फ्लैट में पंखे से लटका मिला शव
अस्पताल में मौत की पुष्टि, पुलिस ने दर्ज किया बयान
विजेता की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. अस्पताल प्रबंधन से घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाना था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
इस मामले में पथरगामा थाना प्रभारी कृष्ण प्रसाद साह ने बताया कि मृतका की मां और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस सभी संबंधित पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है. जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा.
फिलहाल, महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच जारी है. वहीं, दो छोटे बच्चों की मां की मौत से परिवार में शोक का माहौल है.
इसे भी पढ़े : रांची में राहुल सिंह गिरोह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज, मुठभेड़ में शूटर शाहिद घायल
