Nakib Ziya
RANCHI : जिले के चुटिया इलाके में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए साईं कॉलोनी और पावर हाउस इलाके में छापेमारी की. इस दौरान एक गोदाम से 250 से अधिक गैस सिलेंडर बरामद कर जब्त कर लिए गए, जिससे इलाके में अवैध गैस कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है.
इसे भी पढ़ें : रांची डीसी पर कोर्ट की सख्ती, आदेश की अनदेखी पर 10 हजार का जुर्माना
जानकारी के अनुसार, गोदाम में घरेलू गैस सिलेंडरों को अवैध रूप से स्टॉक कर रखा गया था और उन्हें जरूरतमंद लोगों को ऊंचे दामों पर ब्लैक में बेचा जा रहा था. लंबे समय से चल रहे इस गोरखधंधे की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की योजना बनाकर छापेमारी की, जिसमें जमाखोरी और कालाबाजारी का पर्दाफाश हुआ.
छापेमारी के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, वहीं पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गोदाम को अपने कब्जे में लेकर सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया. प्रारंभिक जांच में यह मामला संगठित गिरोह से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, जो लंबे समय से इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहा था.
सिटी डीएसपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है और अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस गिरोह में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की जाएगी.
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से गैस की कृत्रिम किल्लत और महंगाई पर लगाम लगेगी, साथ ही आम उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी.
इसे भी पढ़ें : सीसीएल एवं जिला प्रशासन चतरा के बीच बिरहोर परिवारों के आवास सुदृढ़ीकरण हेतु एमओयू
