RAMGARH : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के पूर्व प्रत्याशी पानेश्वर कुमार के अचानक लापता होने की खबर से इलाके में चिंता का माहौल है. बताया जा रहा है कि पानेश्वर कुमार रामगढ़ के गोबरदरहा चौक के पास मौजूद थे, जहां से एक गाड़ी में आए कुछ लोग उन्हें अपने साथ लेकर चले गए. इसके बाद से उनके बारे में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.
पानेश्वर कुमार के परिचितों और समर्थकों के अनुसार, घटना के बाद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उन्हें पुलिस अपने साथ लेकर गई है या फिर किसी अन्य व्यक्ति अथवा समूह द्वारा उन्हें कहीं ले जाया गया है. हालांकि, इस संबंध में अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.

पानेश्वर के लापता होने से समर्थकों में बेचैनी
घटना की जानकारी सामने आने के बाद उनके समर्थकों और परिचितों में बेचैनी बढ़ गई है. लोग अपने स्तर से पानेश्वर कुमार के संबंध में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं और पुलिस से भी पूरे मामले की जानकारी स्पष्ट करने की मांग की जा रही है. बताया जाता है कि पानेश्वर कुमार JLKM से जुड़े रहे हैं और रामगढ़ क्षेत्र में राजनीतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं. हाल ही में भी वे पार्टी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों में नजर आए थे.
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि पानेश्वर कुमार को आखिर कौन और किस वजह से अपने साथ लेकर गया? क्या उन्हें पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है या मामला कुछ और है? इसकी स्थिति आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
