L19 Dumka : जमशेदपुर के अपराधी अमरनाथ सिंह की बासुकिनाथ के पास में गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। यह घटना गुरुवार देर रात तकरीबन 11.40 बजे की है। परमजीत सिंह गिरोह के सक्रिय सदस्य अमरनाथ सिंह की नंदी चौक के पास कांवरिया वेश में आये तीन अपराधियों ने गोली मर कर हत्या कर दी। गोली मारने के बाद तीनों अपराधी मौके से पैदल ही फरार हो गये। सूचना मिलने के बाद अमरनाथ के परिवार और दोस्त मौके पर आये। इसके बाद उसे इलाज के लिए जरमुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गये, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना के संबंध में साथ गये लोगों ने बताया कि अमरनाथ अपनी मां, पत्नी, दोनों बच्चे,भतीजा मनीष और चार दोस्तों के साथ बाबा धाम देवघर गया था। पुलिस ने शव को भी अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मौके पर लगी सीसीटीवी खंगाल रही है। अमरनाथ सिंह के दोस्त ब्रजेश सिंह ने बताया कि सोमवार को वह मां, पत्नी और दोनों बच्चो के साथ बाबाधाम के लिए निकले थे। उसके साथ अंशु, मनीष लेदर, ललित और ब्रजेश भी थे। सभी अलग-अलग गाड़ियों से जा रहे थे। मंगलवार को जल उठाने के बाद बुधवार को सभी ने जल चढ़ाया। उसके बाद बासुकीनाथ का दर्शन कर नंदनी चौक पर आराम कर रहे थे। शुक्रवार को परिवार के साथ तारापीठ जाने की योजना थी।