RANCHI : झारखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, 7 से 12 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. इस दौरान कई जगहों पर मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं. मौसम विभाग ने 9 सितंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई है. इस दिन राज्य के लगभग सभी हिस्सों में बारिश हो सकती है. वहीं उत्तर-पश्चिमी झारखंड और इससे सटे मध्य भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है.
7 सितंबर से बदलेगा मौसम का मिजाज
7 सितंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन हो सकता है. कुछ इलाकों में वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. 8 सितंबर को भी राज्य के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन हो सकता है. इस दौरान वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
9 सितंबर को तीन जिलों में विशेष सतर्कता
9 सितंबर को मौसम का असर और बढ़ सकता है. इस दिन राज्य के लगभग सभी हिस्सों में बारिश होने की प्रबल संभावना है. उत्तर-पश्चिमी झारखंड और इससे सटे मध्य भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. लोहरदगा, गुमला और हजारीबाग में विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है. इन जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
12 सितंबर तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
10 और 11 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश और मेघ गर्जन का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है. इस दौरान कुछ इलाकों में वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 12 सितंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.बारिश और बादलों के असर से अगले दो से तीन दिनों के बाद झारखंड के अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है.
रांची में भी बारिश के आसार
राजधानी रांची में 7 सितंबर को आसमान में सामान्यतः बादल छाए रहने की संभावना है. एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 8 सितंबर को रांची का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. वहीं 9 सितंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. इस दिन अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 10 से 12 सितंबर के बीच भी रांची में बादल छाए रहने के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है.
वज्रपात के दौरान बरतें सावधानी
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. वज्रपात के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़, बिजली के खंभे और अन्य खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है. तेज हवाओं के दौरान पेड़ों और कमजोर संरचनाओं के आसपास खड़े होने से भी बचना चाहिए.
