PALAMU : झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का अंतिम संस्कार बुधवार को हुसैनाबाद प्रखंड स्थित उसके पैतृक गांव पथरा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किया गया. अंतिम संस्कार में परिजन, रिश्तेदार और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. सुजीत सिन्हा के बेटे अक्षत ने अपने पिता को मुखाग्नि दी.
पैरोल पर पहुंचीं पत्नी रिया सिन्हा
पति के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैरोल पर जेल से बाहर आईं सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा बुधवार सुबह पथरा गांव पहुंचीं. शव को देखते ही वह भावुक हो गईं और फूट-फूटकर रोने लगीं. अंतिम संस्कार की सभी प्रक्रियाएं पुलिस की निगरानी में संपन्न कराई गईं.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अंतिम संस्कार के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन की पैनी नजर बनी रही और शांतिपूर्ण माहौल में अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया.
जामताड़ा में हुई थी सुजीत सिन्हा की मौत
गौरतलब है कि सुजीत सिन्हा की मौत साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल ले जाने के दौरान जामताड़ा में हुई थी. पुलिस के अनुसार, रास्ते में उसने एक जवान की राइफल छीनकर भागने का प्रयास किया था. इसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में उसकी मौत हो गई थी.
चाईबासा जेल में बंद हैं रिया सिन्हा
रिया सिन्हा फिलहाल चाईबासा जेल में बंद हैं. रांची पुलिस ने उन्हें गैंगस्टर प्रिंस खान के साथ मिलकर रंगदारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संचालन के आरोप में गिरफ्तार किया था. इससे पहले वह रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार (होटवार) में बंद थीं. जून 2026 में प्रशासनिक कारणों से उनका स्थानांतरण चाईबासा जेल कर दिया गया था. पति के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उन्हें अदालत की अनुमति के बाद पैरोल प्रदान की गई.
