L19 Desk : हर साल देश की राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इस कार्यक्रम में कई प्रकार की झांकियां निकलती हैं जिसमें देश के विभिन्न राज्यों के विशेषताओं को प्रदर्शित किया जाता है। इस बार झारखंड के साथ साथ 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियों को भी सेलेक्ट किया गया है।
झारखंड द्वारा प्रदर्शित झांकी में झारखंड की कला-संस्कृति, परम्परा, लोक नृत्य, शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों के बढ़ते कदम को बेहतरी से दिखाया जायेगा। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में अपनी मजबूत भागीदारी देने के लिए झारखंड ने पूरी तैयारी भी कर ली है। झारखंड की झांकी में झारखंड की समृद्ध कला को प्रदर्शित करने के साथ साथ रतन टाटा को श्रद्धाजलि भी दी जायेगी।
यह तीसरा मौका होगा जब झारखंड गणतंत्र दिवस के अवसर पर होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रदर्शन करेगा। इससे पहले 2024 के परेड में तसर सिल्क पर आधारित झांकी का प्रदर्शन किया गया था। 2025 की झांकी के जरिए झारखंड की कला-संस्कृति, लोक नृत्य औऱ परम्परा पूरे देश के समक्ष होगी। 19 जनवरी 2025 तक सभी राज्यों के झांकी को फाइनल कर लेना है और 23 जनवरी को पूरी तैयारी के साथ इसका रिहर्सल होना है। इसके बाद 26 जनवरी यानि गणतंत्र दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर झांकियों को प्रदर्शित करना है।