L19 DESK : झारखंड में गर्मी अब इतनी बढ़ गयी है कि दस बजे के बाद घर से निकलना मुश्किल होने लगा है। तपती धूप और बढ़ता पारा अभी और चढ़ेगा। राज्य के कई शहरों में तापमान अब 41 डिग्री के आंकड़े को भी पार करने में लगा है। मौसम विभाग के अनुसार अभी तापमान कम होने के कोई आसार नहीं है, अगले 24 घंटे में कई शहरों के तापमान में और तेजी आयेगी। पिछले 24 घंटे में कई शहरों के तापमान में दो डिग्री की बढ़त दर्ज भी की गयी है।
मेदिनीनगर और जमशेदपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 38.2 रहा। राज्य के कई जिलों में तापमान अब 42 के आंकड़े तक पहुंचने में लगा है। मौसम विभाग ने संभावना जाहिर की है कि कई शहरों में दो डिग्री तापमान अभी और बढ़ेगा, मौसम और गर्म होगा।
इस बढ़ती गर्मी के बीच एक राहत की भी खबर है। मौसम विभाग ने संभावना जाहिर की है कि 17 अप्रैल को राजधानी रांची सहित राज्य के दक्षिणी हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इस बारिश से थोड़ी राहत मिलेगी लेकिन इसका असर लंबे समय तक नहीं रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आनेवाले सप्ताह में संताल और पलामू में पारा 43 डिग्री तक पहुंच सकता है।
गुरुवार को धनबाद में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बदलते मौसम में परेशानी बढ़ने लगी है। बच्चों के स्कूल समय बदलने की मांग तेज होने लगी है। तपती गर्मी में बच्चों को स्कूल से घर ले जाने में परेशानी होने लगी है। थोड़ी देर बिजली जाने पर या पंखा बंद होने पर घर भी रहना अब0 मुश्किल होने लगा है। बढ़ती गर्मी के साथ ही राज्य के कई हिस्सों में बिजली कटौती भी शुरू होने लगी है।