L19 DESK : भारतीय महिला हॉकी टीम की मिडफील्डर सलीमा टेटे की भारत से AHF एथलीट एंबेसडर के रूप में नियुक्ति की गयी है। इसे लेकर सलीमा ने गुरुवार को कोरिया के मुंगेयोंग में एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) की कांग्रेस के दौरान प्रमाण पत्र और पद स्वीकार किया। वह 25 मार्च से इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगी। नियुक्ति की अवधि 25 मार्च, 2023 से लेकर 25 मार्च, 2025 के बीच दो साल के लिए तय की गयी है। सलीमा के अलावा, एशिया के चार अन्य खिलाड़ियों को भी इस पद के लिए नियुक्त किया गया है।
इन चार खिलाड़ियों के साथ मिलकर सलीमा टेटे एएचएफ एथलीट एंबेसडर के ज़रिए एथलीटों के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधित्व, विकास और वकालत का नेतृत्व करेंगी। साथ ही, वह क्षेत्रीय एथलीटों के अधिकारों और कल्याण के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में भी काम करेंगी।
नियुक्ति को लेकर सलीमा ने कहा कि वह AHF एथलीट एंबेसडर के लिए चयनित होने पर सम्मानित महसूस कर रही हैं। बकौल सलीमा, “एशियाई एथलीट के रूप में करियर को लेकर बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। यह स्थिति मुझे अपनी आवाज़ को दुनिया में लाने की अनुमति देगी। इसी के साथ क्षेत्रीय एथलीटों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डालने की उम्मीद करती हूं। एशियाई हॉकी महासंघ का मुझ पर विश्वास दिखाने के लिए मैं उन्हें धन्यवाद देती हूं। साथ ही, मेरे सभी प्रयासों में निरंतर समर्थन के लिए हॉकी इंडिया का भी आभार व्यक्त करती हूं।”
इस दौरान भारतीय हॉकी टीम के अध्यक्ष सह पद्मश्री डॉ. दिलीप तिर्की ने भी सलीमा टेटे को सम्मान के लिए बधाई दी और कहा कि भारतीय खिलाड़ियों में से एक को AHF एथलीट एंबेसडर के रूप में नामित होते हुए देखना बेहद खुशी की बात है। सलीमा सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में से एक रही हैं। पिछले कुछ सालों में सलीमा ने पहले से ही मैदान पर एक नेता के रूप में अपने गुणों का प्रदर्शन किया है। हमें विश्वास है कि वह खेल और खिलाड़ियों की बेहतरी के लिए काम करेंगी और वैश्विक स्तर पर हमारे प्रिय खेल पर सकारात्मक प्रभाव डालेंगी।
उधर, भारतीय हॉकी टीम के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी सलीमा टेटे की प्रशंसा करते हुए कहा कि सलीमा टेटे ने इतनी कम उम्र में पहले ही जबरदस्त नेतृत्व गुण दिखाए हैं। वह हर चरण में भारतीय महिला हॉकी टीमों के लिए सालों से एक संपत्ति साबित हुई हैं। अब उनके पास मैदान के बाहर हॉकी पर सकारात्मक प्रभाव डालने का अवसर होगा। उन्हें भारत से AHF एथलीट एंबेसडर के रुप में नियुक्त किए जाने पर हमें गर्व है। हमें विश्वास है कि वह इस भूमिका को बेहतरीन निभाएंगी।
गौरतलब है, सलीमा दक्षिण अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम में FIH महिला जूनियर विश्व कप दक्षिण अफ्रीका 2021 में कप्तान के रूप में भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम का नेतृत्व कर चुकी हैं।