RANCHI : संथाल आदिवासी समाज में बेटियों के पैतृक संपत्ति के अधिकार को लेकर झारखंड हाईकोर्ट ने एक अहम टिप्पणी की है. अदालत ने कहा है कि केवल सामाजिक परंपराओं का हवाला देकर बेटियों को पिता की पैतृक संपत्ति के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता. यदि कोई पक्ष किसी प्रथा के आधार पर बेटियों के संपत्ति अधिकार को सीमित करने का दावा करता है, तो उसे उस प्रथा के प्राचीन, निश्चित, उचित और लगातार प्रचलन में होने के ठोस प्रमाण देने होंगे.
यह मामला जामताड़ा जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र के तुर्का गांव की पैतृक जमीन से जुड़ा है. इस संपत्ति को लेकर पिछले 41 वर्षों से कानूनी विवाद चल रहा था.मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक और न्यायमूर्ति राजेश शंकर की खंडपीठ ने की.
1985 में शुरू हुई थी कानूनी लड़ाई
दरअसल, वर्ष 1985 में एक संथाल महिला ने अपने पिता की पैतृक संपत्ति पर मालिकाना हक और कब्जे की मांग करते हुए अदालत में मुकदमा दायर किया था. 5 अक्टूबर 1996 को ट्रायल कोर्ट ने महिला को पूरी संपत्ति के बजाय केवल एक-तिहाई हिस्से का हकदार माना. इसके बाद महिला ने इस फैसले को चुनौती दी।.4 मार्च 2006 को प्रथम अपीलीय अदालत ने ट्रायल कोर्ट के फैसले में बदलाव करते हुए महिला को पूरी संपत्ति का अधिकार दे दिया. इस फैसले से असंतुष्ट प्रतिवादियों ने झारखंड हाईकोर्ट में दूसरी अपील दायर की.
संथाल समाज की परंपरा का दिया गया हवाला
हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान प्रतिवादियों की ओर से दलील दी गई कि संथाल समाज की परंपरा के अनुसार बेटियों को पिता की पैतृक संपत्ति में सामान्य रूप से अधिकार नहीं मिलता है. उनके मुताबिक, बेटी को संपत्ति का अधिकार तभी मिलता है, जब उसका विवाह घरजमाई प्रथा के तहत हुआ हो.
हालांकि, हाईकोर्ट की खंडपीठ ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया. अदालत ने स्पष्ट किया कि किसी सामाजिक प्रथा के आधार पर किसी व्यक्ति के संपत्ति अधिकार को सीमित करने का दावा करने वाले पक्ष को उस प्रथा के अस्तित्व और उसके निरंतर पालन के प्रमाण प्रस्तुत करने होंगे.
ठोस प्रमाण नहीं दे सके प्रतिवादी
अदालत के अनुसार, किसी प्रथा को मान्यता देने के लिए उसका प्राचीन, निश्चित, उचित और लगातार प्रचलित होना साबित करना आवश्यक है. केवल यह कह देना पर्याप्त नहीं है कि समाज में ऐसी परंपरा चली आ रही है. इस मामले में प्रतिवादी कथित प्रथा के समर्थन में आवश्यक ठोस प्रमाण पेश नहीं कर सके. इसके बाद हाईकोर्ट ने उनकी दूसरी अपील खारिज कर दी और 4 मार्च 2006 को प्रथम अपीलीय अदालत की ओर से महिला के पक्ष में दिए गए फैसले को बरकरार रखा.
इस तरह महिला के पक्ष में पूरी पैतृक संपत्ति पर मालिकाना हक का फैसला कायम रहा. हाईकोर्ट की यह टिप्पणी संथाल समुदाय में बेटियों के पैतृक संपत्ति के अधिकार और सामाजिक परंपराओं के आधार पर किए जाने वाले दावों के संदर्भ में महत्वपूर्ण है.
