RANCHI/PATNA : सोशल मीडिया पर पोस्ट करते समय एक छोटी-सी गलती भी कभी-कभी बड़ी चर्चा का विषय बन जाती है. ऐसा ही कुछ बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और जेडीयू नेता निशांत कुमार के साथ हुआ है. उनके एक सोशल मीडिया पोस्ट के कैप्शन में शब्दों के गलत इस्तेमाल ने पूरे वाक्य का अर्थ ही बदल दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स उन्हें ट्रोल करने लगे. दरअसल, वाराणसी में आयोजित जेडीयू के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले निशांत कुमार ने अपने पिता नीतीश कुमार के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की थी. तस्वीर के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “प्रस्थान करने से पूर्व पिताजी, आदरणीय श्री Nitish Kumar जी का स्नेह…”
लेकिन कैप्शन में ‘पूर्व’ शब्द के इस्तेमाल और उसके स्थान की वजह से वाक्य का अर्थ कुछ ऐसा निकलने लगा, मानो वे अपने पिता को ‘पूर्व पिताजी’ कह रहे हों. बस फिर क्या था, सोशल मीडिया यूजर्स की नजर इस गलती पर पड़ गई और पोस्ट चर्चा में आ गया.
एक शब्द की गलती और शुरू हो गई ट्रोलिंग
निशांत कुमार के इस कैप्शन को लेकर सोशल मीडिया पर यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे. किसी ने इसे टाइपिंग की गलती बताया, तो किसी ने शब्दों के चयन को लेकर मजाकिया टिप्पणियां कीं. दरअसल, निशांत कुमार का मकसद अपने पिता के साथ बिताए पल और उनका स्नेह साझा करना था, लेकिन एक शब्द की चूक ने पोस्ट का पूरा अर्थ ही बदल दिया. फिलहाल, यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कुछ भी पोस्ट करने से पहले शब्दों और वाक्यों की जांच करना कितना जरूरी है.
