RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) के हॉस्टल में एक छात्र की मौत के बाद परिसर में तनाव का माहौल है. मृतक की पहचान बिहार के पूर्णिया निवासी आदित्य के रूप में हुई है. घटना के बाद साथी छात्रों में आक्रोश है. छात्रों ने संस्थान में बुनियादी सुविधाओं की कमी और समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिलने को लेकर सवाल उठाए हैं.
इसे भी पढें : रांची एयरपोर्ट पर एग्जिट बूथ बढ़ाने की मांग, जाम से यात्रियों को राहत देने की तैयारी
कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे दोस्त
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11:30 बजे तक आदित्य के कमरे का दरवाजा नहीं खुला. इससे परेशान उसके दोस्तों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया. कमरे के भीतर आदित्य मृत अवस्था में मिला. इसके बाद साथी छात्र उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
परीक्षा में खराब प्रदर्शन के कारण आत्महत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार, आदित्य की परीक्षा चल रही थी, प्रारंभिक जानकारी के आधार पर परीक्षा में खराब प्रदर्शन के कारण आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, छात्र की मौत के वास्तविक कारणों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
एंबुलेंस और ऑक्सीजन सुविधा पर छात्रों ने उठाए सवाल
आदित्य की मौत के बाद हॉस्टल में छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया. छात्रों का आरोप है कि आदित्य की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे समय पर जरूरी चिकित्सा सहायता नहीं मिल सकी, उन्होंने परिसर में एंबुलेंस की उपलब्धता और ऑक्सीजन जैसी बुनियादी चिकित्सा सुविधाओं पर सवाल उठाए. छात्रों का दावा है कि यदि समय रहते उचित चिकित्सा सहायता मिल जाती, तो आदित्य की जान बचाई जा सकती थी, गौरतलब है कि संस्थान में बुनियादी सुविधाओं को लेकर पहले से ही विरोध की स्थिति बनी हुई थी. ऐसे में छात्र की मौत के बाद परिसर में असंतोष और बढ़ गया है.
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी
हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस हॉस्टल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई. मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. सदर डीएसपी संजीव बेसरा के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल, मौत की वजह स्पष्ट नहीं है, जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी.
