RANCHI : दशहरा, दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों में अब दो माह से भी कम समय बचा है. त्योहारों के दौरान अपने घर लौटने वाले यात्रियों के साथ-साथ देश के अलग-अलग राज्यों से रांची आने वाले लोगों ने अभी से ट्रेनों में टिकट की बुकिंग शुरू कर दी है. इसका असर रेलवे आरक्षण केंद्रों और ऑनलाइन टिकट बुकिंग पर साफ दिखाई दे रहा है. रांची से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, जम्मूतवी, आनंदविहार समेत कई प्रमुख शहरों के लिए चलने वाली ट्रेनों में अभी से लंबी वेटिंग लिस्ट सामने आने लगी है. कई ट्रेनों के स्लीपर, थर्ड एसी और थर्ड एसी इकोनॉमी श्रेणी में टिकट की स्थिति ‘रिग्रेट’ तक पहुंच गई है. ऐसे में यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है.
राजधानी एक्सप्रेस में भी लंबी वेटिंग
ट्रेन संख्या 20840 नयी दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस में 6 नवंबर को थर्ड एसी में वेटिंग 249 तक पहुंच गई है, जबकि टू एसी में रिग्रेट की स्थिति है. वहीं, ट्रेन संख्या 12454 नयी दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस में 7 नवंबर को थर्ड एसी में 197 और टू एसी में 84 वेटिंग बताई जा रही है. रांची से नयी दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या 20839 राजधानी एक्सप्रेस में 17 अक्टूबर को थर्ड एसी में 90 और टू एसी में 43 वेटिंग है. ट्रेन संख्या 18309 हटिया-नयी दिल्ली में भी 17 अक्टूबर को स्लीपर में 87 और थर्ड एसी में 81 वेटिंग दर्ज है.
झारखंड स्वर्ण जयंती और संपर्क क्रांति में रिग्रेट
ट्रेन संख्या 12874 आनंदविहार-हटिया झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस में 6 नवंबर को स्लीपर, थर्ड एसी इकोनॉमी और थर्ड एसी में रिग्रेट की स्थिति है. इसका मतलब है कि इन श्रेणियों में फिलहाल टिकट बुकिंग उपलब्ध नहीं है. ट्रेन संख्या 12818 आनंदविहार-हटिया झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस में 7 नवंबर को स्लीपर में 123 वेटिंग है, जबकि थर्ड एसी इकोनॉमी और थर्ड एसी में रिग्रेट है. इसी तरह ट्रेन संख्या 12826 आनंदविहार-रांची संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में 7 नवंबर को स्लीपर, थर्ड एसी इकोनॉमी और थर्ड एसी में रिग्रेट की स्थिति बताई जा रही है.
क्रियायोगा एक्सप्रेस में भी लंबी वेटिंग
हावड़ा-हटिया रूट की क्रियायोगा एक्सप्रेस में भी त्योहारों के दौरान सीटों की मांग बढ़ गई है. ट्रेन संख्या 18615 हावड़ा-हटिया क्रियायोगा में 17 अक्टूबर को स्लीपर में 65, थर्ड एसी इकोनॉमी में 43 और थर्ड एसी में 65 वेटिंग है. 18 अक्टूबर को स्लीपर में 25, थर्ड एसी इकोनॉमी में 15 और थर्ड एसी में 31 वेटिंग बताई जा रही है. वहीं, हटिया-हावड़ा क्रियायोगा एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 18616 में 17 अक्टूबर को स्लीपर में 11, थर्ड एसी इकोनॉमी में 11 और थर्ड एसी में 5 वेटिंग है.
इसे भी पढें : झारखंड में मॉनसून का असर बरकरार, अगले 3 दिनों में बढ़ेगा तापमान
हटिया से बेंगलुरु जाने वाली ट्रेनों में भी सीटों की कमी
हटिया-बेंगलुरु रूट की ट्रेन संख्या 18637 में 17 अक्टूबर को स्लीपर में 44 आरएसी और थर्ड एसी में 22 वेटिंग है. ट्रेन संख्या 18635 हटिया-बेंगलुरु में 18 अक्टूबर को थर्ड एसी इकोनॉमी में 5 और थर्ड एसी में 8 वेटिंग है. ट्रेन संख्या 12817 हटिया-झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस में 18 अक्टूबर को स्लीपर में 32, थर्ड एसी इकोनॉमी में 4 और थर्ड एसी में 10 वेटिंग है.
यात्रियों को राहत देने के लिए 12 स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव
त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और टिकट की मारामारी को देखते हुए रांची रेल डिविजन ने दक्षिण-पूर्व रेलवे मुख्यालय को 12 स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भेजा है. प्रस्तावित स्पेशल ट्रेनों में रांची-जयनगर, रांची-नयी दिल्ली, रांची-अजमेर, रांची-मुंबई, रांची-आरा, रांची-बनारस और रांची-कोलकाता जैसे प्रमुख रूट शामिल हैं.
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए त्योहारों के दौरान अतिरिक्त ट्रेनों के परिचालन की तैयारी की जा रही है. रांची रेल डिविजन के डीआरएम करुणानिधि सिंह ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए अधिक से अधिक ट्रेनों का परिचालन कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि दशहरा, दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो. त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग रोजगार और कामकाज के सिलसिले में दूसरे राज्यों से अपने गृह जिले लौटते हैं. ऐसे में रेलवे की ओर से अतिरिक्त ट्रेनों का परिचालन होने से यात्रियों को नियमित ट्रेनों में सीटों की कमी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
