KODERMA/RANCHI : झारखंड में CGL परीक्षा से जुड़े मामले की जांच के बीच कोडरमा में CID की टीम ने गुरुवार देर रात कई जगहों पर छापेमारी की. CID की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल तेज हो गई है. जानकारी के मुताबिक, जांच टीम दो लोगों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है. बताया जा रहा है कि CID की टीम ने डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब और कोडरमा थाना क्षेत्र के बरसोतियाबर में छापेमारी की. इसी दौरान गोलवाढाब निवासी राजेश यादव, पिता जगदीश यादव, के घर भी टीम पहुंची. स्थानीय स्तर पर राजेश यादव को कथित तौर पर पत्रकार बताया जा रहा है. CID की टीम उन्हें पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई. इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति को भी CID द्वारा पूछताछ के लिए साथ ले जाने की जानकारी सामने आ रही है. हालांकि, दूसरे व्यक्ति की पहचान और CGL मामले में उसकी कथित भूमिका को लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
CGL मामले में आखिर क्यों हुई छापेमारी?
CID की इस कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि CGL मामले की जांच के दौरान जांच एजेंसी की टीम इन लोगों तक क्यों पहुंची? क्या इनका परीक्षा मामले से कोई कनेक्शन सामने आया है या जांच के दौरान किसी जानकारी के आधार पर इनसे पूछताछ की जा रही है? हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि छापेमारी के दौरान CID की टीम को क्या-क्या मिला और दोनों लोगों से किन बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है.
आधिकारिक जानकारी का इंतजार
फिलहाल CID की ओर से इस कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. ऐसे में छापेमारी और पूछताछ से जुड़ी किसी भी संभावित भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी. CID की देर रात हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. अब सबकी नजर जांच एजेंसी की आधिकारिक जानकारी पर है कि CGL मामले की जांच में इस छापेमारी से कौन-सी नई कड़ी सामने आती है.
