RANCHI : सामुदायिक भवन बुक कराने की प्रक्रिया अब पहले से आसान होने जा रही है. रांची नगर निगम शहर के सामुदायिक भवनों को ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम से जोड़ने की दिशा में काम कर रहा है. इसके तहत पहले चरण में पांच सामुदायिक भवनों को ऑनलाइन व्यवस्था से जोड़ दिया गया है. इन भवनों की ऑनलाइन बुकिंग 6 सितंबर से शुरू होगी. नई व्यवस्था लागू होने के बाद लोगों को शादी, सामाजिक, धार्मिक या सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए सामुदायिक भवन बुक कराने के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. आवेदक ऑनलाइन पोर्टल के जरिए भवन की उपलब्धता देख सकेंगे और अपनी जरूरत के मुताबिक तारीख का चयन कर बुकिंग कर सकेंगे.
पहले चरण में इन पांच भवनों की ऑनलाइन बुकिंग
नगर निगम की ऑनलाइन व्यवस्था के पहले चरण में शहर के पांच सामुदायिक भवनों को शामिल किया गया है. इनमें इंदिरा गांधी चौक, ईस्ट जेल रोड, न्यू पुंदाग, इलासिया कम्युनिटी हॉल-पारस टोली और डोरंडा के ग्वाला टोली-मजार रोड स्थित सामुदायिक भवन शामिल हैं. इन भवनों को ऑनलाइन सिस्टम से जोड़ने का उद्देश्य बुकिंग प्रक्रिया को सरल बनाने के साथ-साथ इसे अधिक पारदर्शी बनाना है. ऑनलाइन व्यवस्था के माध्यम से लोगों को भवन की उपलब्धता की जानकारी पहले से मिल सकेगी, जिससे बुकिंग के लिए कार्यालय जाने और बार-बार जानकारी लेने की जरूरत कम होगी.
सुविधाओं और क्षमता के आधार पर दो श्रेणियां
रांची नगर निगम ने सामुदायिक भवनों को उनकी सुविधाओं और क्षमता के आधार पर दो श्रेणियों में विभाजित किया है. इन्हें स्वर्णरेखा और पलाश श्रेणी में रखा गया है. स्वर्णरेखा श्रेणी के सामुदायिक भवन की बुकिंग फीस 25 हजार रुपये प्लस जीएसटी निर्धारित की गई है. वहीं, पलाश श्रेणी के भवन के लिए 15 हजार रुपये प्लस जीएसटी शुल्क देना होगा. इसके अलावा बुकिंग के दौरान 5 हजार रुपये की सिक्योरिटी राशि भी जमा करनी होगी. निर्धारित शर्तों को पूरा करने की स्थिति में यह राशि वापस कर दी जाएगी.
जल्द ही बाकी भवन भी होंगे ऑनलाइन
नगर निगम की योजना सिर्फ पांच भवनों तक सीमित नहीं है. शहर के कुल 16 सामुदायिक भवनों को ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम से जोड़ने की तैयारी है. पहले चरण में पांच भवनों को ऑनलाइन किया गया है, जबकि आने वाले समय में बाकी सामुदायिक भवनों को भी इस व्यवस्था से जोड़ा जाएगा. नगर निगम का मानना है कि ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था लागू होने से लोगों को सुविधा मिलेगी और सामुदायिक भवनों की बुकिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता भी बढ़ेगी. अब लोग अपनी सुविधा के अनुसार घर बैठे भवन की उपलब्धता देख सकेंगे और कार्यक्रम की तारीख के हिसाब से बुकिंग कर सकेंगे.
