RANCHI : झारखंड सरकार ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर राज्य में दो दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है. सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक 6 और 7 सितंबर 2026 को पूरे झारखंड में राजकीय शोक मनाया जाएगा. इस दौरान राज्य में कई सरकारी गतिविधियों पर रोक रहेगी. उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का 6 सितंबर की सुबह गिरिडीह के मेडिका अस्पताल में निधन हो गया.
6 और 7 सितंबर को राजकीय शोक
दिवंगत मंत्री के सम्मान में राज्य सरकार ने 6 और 7 सितंबर को राजकीय शोक मनाने का निर्णय लिया है. राजकीय शोक के दौरान राज्य के उन सभी स्थानों पर, जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा. सरकार के आदेश में साफ कहा गया है कि राजकीय शोक की अवधि में किसी भी प्रकार के राजकीय समारोह का आयोजन नहीं किया जाएगा. यानी 6 और 7 सितंबर को सरकारी स्तर पर होने वाले औपचारिक कार्यक्रमों पर रोक रहेगी.
7 सितंबर को बंद रहेंगे सरकारी कार्यालय
राजकीय शोक के साथ ही झारखंड सरकार ने 7 सितंबर को राज्य सरकार के सभी कार्यालय बंद रखने का फैसला लिया है. इसके लिए कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग को आवश्यक आदेश जारी करने को कहा गया है. सरकार का यह आदेश राज्य के सभी अपर मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, प्रधान सचिव, सचिव, प्रमंडलीय आयुक्त, उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षकों को भेजा गया है. इस तरह सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद झारखंड दो दिनों तक राजकीय शोक में रहेगा. 6 और 7 सितंबर को राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और राजकीय समारोह आयोजित नहीं होंगे. वहीं 7 सितंबर को राज्य सरकार के सभी कार्यालय बंद रहेंगे.
