RANCHI : झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय है. मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने बुधवार, 2 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य के अधिकांश इलाकों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ जगहों पर मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पलामू समेत चार जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने झारखंड के उत्तर-पश्चिमी हिस्से के पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में मानसून का प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के साथ वज्रपात की स्थिति में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
इसके अलावा 3 सितंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है।
रांची में भी बारिश के आसार
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, रांची में दो या उससे अधिक बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। रांची का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
4 सितंबर से मौसम में आएगा बदलाव
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 4 से 7 सितंबर के बीच झारखंड में मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा। इस दौरान कई इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, जबकि कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश होने की संभावना बनी रहेगी।
वज्रपात को लेकर सावधानी जरूरी
बारिश और वज्रपात की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। मेघ गर्जन के दौरान खुले मैदान, खेत, तालाब और ऊंचे पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूरी बनाए रखने तथा संभव हो तो पक्के और सुरक्षित मकान के अंदर रहने को कहा गया है।
बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखना लोगों के लिए सुरक्षित रहेगा।
इसे भी पढ़े : बारिश ने रांची में बढ़ाई मुश्किलें, सड़क से लेकर घरों तक भरा पानी; कई इलाकों में जलजमाव से जाम
