HAZARIBAGH : जिले के नवाबगंज स्थित जीवन ज्योति नर्सिंग होम में बच्चेदानी यानी यूटेरस के ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो जाने से हंगामा हो गया.
मृतका की पहचान पदमा प्रखंड के तिलैडीह गांव निवासी सुशीला देवी, पति किशोरी भुइयाँ के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड हाईकोर्ट: जमीन विवाद दीवानी कोर्ट में ही सुलझेगा
परिजनों के मुताबिक सुशीला देवी को बच्चेदानी के ऑपरेशन के लिए नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था. आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान ही उनकी मौत हो गई.
परिजनों का कहना है कि महिला की हालत बिगड़ने के बाद भी अस्पताल प्रबंधन ने समय पर सही जानकारी नहीं दी. न ही किसी बड़े अस्पताल में रेफर करने के लिए रेफरल सर्टिफिकेट दिया गया.
घटना से नाराज परिजनों ने नर्सिंग होम परिसर में विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, न्याय और उचित मुआवजे की मांग की.
कुछ देर तक अस्पताल में तनाव का माहौल रहा.सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर स्थिति शांत कराई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है.
फिलहाल मौत का असली कारण स्पष्ट नहीं है. ऑपरेशन या इलाज में लापरवाही हुई या नहीं, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा.
पुलिस ने कहा है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है. रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी.
इसे भी पढ़ें : रांची का एक सरकारी स्कूल ,जहां पूरी कक्षा में सिर्फ दो छात्र ; खाली बेंचों के बीच चल रही है पढ़ाई
