RANCHI : कई दिनों से तपती धूप और उमस से परेशान झारखंडवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मानसून ने अब राज्य में अपनी रफ्तार तेज कर दी है और 16 जून को राजधानी रांची समेत कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। बादलों की आवाजाही के बीच हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, रांची सहित राज्य के आठ नए जिलों में मानसून ने दस्तक दे दी है। अगले चार से पांच दिनों में पूरे झारखंड में मानसून के सक्रिय होने की उम्मीद है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी.
इसे भी पढ़े : झारखंड में 24 घंटे के भीतर दूसरा बड़ा इस्तीफा, अपर महाधिवक्ता सचिन कुमार ने छोड़ा पद

झारखंड को आज मिल सकती है गर्मी से राहत
राज्य के कुछ हिस्सों, खासकर पलामू और आसपास के इलाकों में अभी भी बारिश का इंतजार बना हुआ है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में वहां भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। किसानों के लिए भी यह अच्छी खबर है, क्योंकि खरीफ फसलों की तैयारी को गति मिलने की संभावना है.हालांकि मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दी है। गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की अपील की गई है. कुल मिलाकर, 16 जून का दिन झारखंड के लिए राहत लेकर आया है। आसमान में छाए बादल अब सिर्फ मौसम का बदलाव नहीं, बल्कि तपिश से परेशान लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौटाने की उम्मीद भी हैं.
