रांची : झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी अपने चरम पर है। दूसरी सीट के लिए कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के बीच समर्थन जुटाने की कवायद तेज हो गई है. इसी बीच भाजपा विधायक प्रकाश राम की तबीयत बिगड़ने की खबर ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है.
जानकारी के अनुसार लातेहार से भाजपा विधायक प्रकाश राम की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं. हालांकि भाजपा नेताओं का दावा है कि उनकी स्थिति स्थिर है और वे जल्द स्वस्थ होकर राज्यसभा चुनाव में मतदान के लिए विधानसभा पहुंचेंगे.

राज्यसभा चुनाव के बीच बढ़ी NDA की चिंता
प्रकाश राम के अस्पताल में भर्ती होने की खबर ऐसे समय सामने आई है, जब राज्यसभा चुनाव को लेकर एनडीए और इंडिया गठबंधन दोनों अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने में जुटे हुए हैं.
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगर किसी कारणवश प्रकाश राम मतदान में शामिल नहीं हो पाते हैं तो इसका असर भाजपा समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी की रणनीति पर पड़ सकता है. हालांकि भाजपा नेताओं का कहना है कि ऐसी किसी आशंका की जरूरत नहीं है और विधायक जल्द स्वस्थ हो जाएंगे.
इसे भी पढे : कोयले की धरती से निकलेगी स्वच्छ ऊर्जा की नई रोशनी, झरिया में आकार ले रही कोल इंडिया की पहली सीबीएम परियोजना
निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
सूत्रों के मुताबिक तबीयत बिगड़ने के बाद प्रकाश राम को रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनकी सेहत की जानकारी लेने के लिए भाजपा के कई नेताओं ने उनसे संपर्क किया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है.
हालांकि अभी तक अस्पताल या परिवार की ओर से उनकी बीमारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है.
कौन हैं प्रकाश राम ?
प्रकाश राम झारखंड की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा हैं. वे सबसे पहले बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा (जेवीएम) के टिकट पर विधायक बने थे। बाद में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया.
2024 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने तत्कालीन मंत्री और झामुमो नेता बैद्यनाथ राम को हराकर लातेहार सीट पर जीत दर्ज की थी. दिलचस्प बात यह है कि अब राज्यसभा चुनाव में झामुमो की ओर से उम्मीदवार बनाए गए बैद्यनाथ राम को कभी प्रकाश राम विधानसभा चुनाव में पराजित कर चुके हैं.
दूसरी सीट पर दिलचस्प मुकाबला
झारखंड की दो राज्यसभा सीटों में से एक सीट पर जीत लगभग तय मानी जा रही है, जबकि दूसरी सीट को लेकर मुकाबला रोचक हो गया है.
इंडिया गठबंधन की ओर से कांग्रेस के प्रणव झा और झामुमो के बैद्यनाथ राम मैदान में हैं. वहीं एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी भी चुनावी मैदान में अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं.
राजनीतिक समीकरण के अनुसार इंडिया गठबंधन के पास 56 विधायक हैं, जिन्हें एकजुट बनाए रखना उसके लिए सबसे बड़ी चुनौती है. दूसरी तरफ परिमल नाथवानी को भाजपा और एनडीए के 24 विधायकों के अलावा कम से कम चार अतिरिक्त वोटों की जरूरत होगी.
यही वजह है कि दोनों खेमों की नजर हर विधायक पर बनी हुई है.
भाजपा विधायकों की बैठक आज
राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने सोमवार शाम अपने विधायकों की बैठक भी बुलाई है. बैठक में परिमल नाथवानी के समर्थन में वोटिंग रणनीति और सभी विधायकों की मौजूदगी सुनिश्चित करने पर चर्चा होने की संभावना है.
सूत्रों के मुताबिक बैठक में एनडीए के अन्य सहयोगी दलों के विधायक भी शामिल हो सकते हैं.
क्या बदलेगा चुनावी गणित?
फिलहाल भाजपा का दावा है कि प्रकाश राम पूरी तरह स्वस्थ होकर मतदान में हिस्सा लेंगे। लेकिन उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर ने चुनावी माहौल में हलचल जरूर बढ़ा दी है.
ऐसे में अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रकाश राम कब तक स्वस्थ होते हैं और क्या राज्यसभा चुनाव के दिन विधानसभा पहुंचकर मतदान कर पाते हैं या नहीं। क्योंकि दूसरी सीट की लड़ाई में हर एक वोट बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
इसे भी पढे : 100% इथेनॉल से चलेंगी गाड़ियां ! क्या खत्म होने वाला है पेट्रोल का दौर ? जानिए फायदे, चुनौतियां और आपकी जेब पर इसका असर
