RANCHI : झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू होते ही सियासी माहौल गरमा गया है. चुनाव आयोग ने दोनों सीटों पर मतदान का कार्यक्रम जारी कर दिया है. ये सीटें जेएमएम संस्थापक शिबू सोरेन के निधन और भाजपा सांसद दीपक प्रकाश का कार्यकाल समाप्त होने के बाद खाली हुई हैं.
राज्यसभा चुनाव में भाजपा द्वारा उम्मीदवार उतारने के फैसले ने झारखंड की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है. संख्या बल के लिहाज से सत्ता पक्ष मजबूत स्थिति में दिख रहा है, लेकिन भाजपा की रणनीतिक एंट्री के बाद जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है. राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा तेज है कि यदि सत्ता पक्ष के कुछ विधायक क्रॉस वोटिंग करते हैं, तो मुकाबला रोचक हो सकता है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड की राजनीति में बढ़ी हलचल, हेमंत सोरेन ने मांगा 2 दिन का वक्त
राज्यसभा चुनाव में संख्या बल गठबंधन के पक्ष में, भाजपा की एंट्री से बढ़ी सियासी हलचल
81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए किसी प्रत्याशी को प्रथम वरीयता के कम से कम 28 वोटों की आवश्यकता होगी. मौजूदा स्थिति में जेएमएम के 34, कांग्रेस के 16, आरजेडी के 4 और भाकपा-माले के 2 विधायक मिलाकर गठबंधन के पास कुल 56 विधायक हैं. यह संख्या दोनों सीटें जीतने के लिए पर्याप्त मानी जा रही है.
दूसरी तरफ एनडीए खेमे में भाजपा के 21 विधायक हैं. इसके अलावा आजसू, जदयू और लोजपा (रामविलास) के एक-एक विधायक का समर्थन मिलाकर एनडीए का आंकड़ा 24 तक पहुंचता है. पूर्ण बहुमत न होने के बावजूद भाजपा ने चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया है, जिससे राजनीतिक समीकरणों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं.
इसे भी पढ़ें : परिसीमन के खिलाफ आदिवासी समाज एकजुट, रांची में 31 मई को होगी निर्णायक बैठक
भाजपा की एंट्री से गठबंधन अलर्ट, जेएमएम ने चुनाव आयोग से की निगरानी की मांग
भाजपा की सक्रियता के बाद जेएमएम और कांग्रेस नेतृत्व संभावित खरीद-फरोख्त की आशंका को लेकर भी सतर्क नजर आ रहा है. जेएमएम ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर मांग की है कि चुनाव के दौरान धनबल या किसी भी प्रकार की अनियमितता पर नजर रखने के लिए केंद्रीय एजेंसियों को अलर्ट रखा जाए.
गठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर भी तस्वीर लगभग साफ मानी जा रही है. एक सीट पर जेएमएम अपना उम्मीदवार उतारेगी, जबकि दूसरी सीट पर कांग्रेस ने दावेदारी पेश की है. राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है. 8 जून को मतदान कराया जाएगा.
