BOKARO : झारखंड के बोकारो जिले में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के सत्यापन के दौरान लाभुकों से पैसे वसूली के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद आंगनबाड़ी केन्द्र चौफान उत्तरी की सेविका कुमारी सीमा को तत्काल प्रभाव से चयनमुक्त कर दिया गया है.
जानकारी के अनुसार 22 मई को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था. वीडियो में आरोप लगाया गया था कि आंगनबाड़ी केन्द्र चौफान उत्तरी की सेविका कुमारी सीमा मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों के भौतिक सत्यापन के दौरान रुपये की वसूली कर रही हैं.
मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए दो सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था.
जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में पुष्टि की कि लाभुकों से पैसे लिए गए थे.
रिपोर्ट मिलने के बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आंगनबाड़ी केन्द्र चौफान उत्तरी कोड संख्या-20355020112 की सेविका कुमारी सीमा को सेविका पद से तत्काल चयनमुक्त करने का आदेश जारी कर दिया.

इस मामले पर डीसी अजय नाथ झा ने साफ कहा है कि सरकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार और लाभुकों के शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
