RANCHI : झारखंड में उग्रवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया यानी PLFI के सुप्रीमो अमृत होरो उर्फ मेचो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. अमृत पर झारखंड सरकार ने 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था.
इसे भी पढ़ें : झारखंड राज्यसभा चुनाव में BJP का आदिवासी कार्ड, अर्जुन मुंडा से निशा उरांव तक कई नाम चर्चा में
जानकारी के मुताबिक रांची एसएसपी राकेश रंजन के नेतृत्व में पुलिस की स्पेशल टीम ने लंबे समय से अमृत होरो की गतिविधियों पर नजर रखी हुई थी. स्थानीय इनपुट और सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने उसे रांची के लापुंग इलाके से गिरफ्तार किया. अमृत होरो लापुंग का ही रहने वाला बताया जा रहा है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अमृत होरो कई गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी रहा है. हाल के दिनों में वह रांची, खूंटी और आसपास के इलाकों में लेवी वसूली और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में सक्रिय था. पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी.
बताया जा रहा है कि PLFI के पुराने सुप्रीमो दिनेश गोप की NIA द्वारा गिरफ्तारी और मार्टिन केरकेटा के एनकाउंटर के बाद अमृत होरो ने संगठन की कमान संभाली थी. इसके बाद वह संगठन को फिर से सक्रिय करने की कोशिश में जुटा हुआ था.
रांची पुलिस की इस कार्रवाई को उग्रवाद के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है. पुलिस अब अमृत होरो से पूछताछ कर संगठन से जुड़े कई अहम नेटवर्क और सहयोगियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.
इसे भी पढ़ें : नौतपा में बदला मौसम, 7 डिग्री लुढ़का तापमान अगले 72 घंटे बारिश और वज्रपात के आसार
