RANCHI : झारखंड सरकार ने सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को बड़ी राहत दी है. अब सड़क हादसे में मृतक के आश्रितों को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. पहले यह सहायता राशि 1 लाख रुपये थी, जिसे बढ़ाकर चार गुना कर दिया गया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई झारखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकार की समीक्षा बैठक में यह अहम फैसला लिया गया. सरकार का कहना है कि इस निर्णय से सड़क दुर्घटना में अपनों को खोने वाले परिवारों को आर्थिक मदद मिलेगी और संकट की घड़ी में राहत मिलेगी.

सरकार ने अनुग्रह अनुदान देने की प्रक्रिया को भी आसान बनाने का फैसला लिया है
इसे भी पढ़े : बोकारो ट्रेजरी घोटाला : CID-SIT की बड़ी कार्रवाई, एएसआई अशोक कुमार भंडारी गिरफ्तार
सरकार ने अनुग्रह अनुदान देने की प्रक्रिया को भी आसान बनाने का फैसला लिया है. अब मृतक के परिजन अपने गृह जिले के उपायुक्त यानी डीसी से घटना का सत्यापन कराने के बाद सहायता राशि प्राप्त कर सकेंगे. इससे भुगतान प्रक्रिया में तेजी आने और पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलेगी. राज्य में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और उनमें हो रही मौतों को देखते हुए सरकार का यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है. उम्मीद जताई जा रही है कि इस पहल से पीड़ित परिवारों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सकेगी.
