PALAMU : झारखंड के पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचपोखरी गांव निवासी झारखंड सशस्त्र पुलिस (JAP) के जवान परशुराम कुमार सिंह (46) की चुनाव ड्यूटी के दौरान पश्चिम बंगाल में मौत हो गई. विभागीय जानकारी के मुताबिक, उनकी मौत ब्रेन हेमरेज के कारण हुई है. हालांकि, परिजनों ने आरोप लगाया है कि समय पर सही इलाज नहीं मिलने के कारण उनकी जान गई.

परशुराम कुमार सिंह जैप-8 लेस्लीगंज में तैनात थे. 3 हाल ही में वे असम में चुनाव ड्यूटी पूरी कर लौटे थे, जिसके बाद उन्हें फिर से पश्चिम बंगाल भेज दिया गया. मृतक के बड़े भाई जयराम सिंह के अनुसार, असम से लौटने के बाद से ही उनकी तबीयत ठीक नहीं थी. इसके बावजूद उन्हें पहले मुर्शिदाबाद और फिर उत्तर 24 परगना में चुनाव ड्यूटी पर भेजा गया.
इसे भी पढ़ें : गिरिडीह में गोलगप्पा से कई बीमार, DC ने देर रात लिया हालात का जायजा
इलाज में लापरवाही का आरोप, संपर्क टूटने के एक घंटे के भीतर अस्पताल में हुई मौत, गांव में पसरा मातम
परिजनों का कहना है कि परशुराम लगातार अपनी खराब सेहत की जानकारी अधिकारियों को दे रहे थे, लेकिन उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया और उचित इलाज की व्यवस्था नहीं की गई. रविवार दोपहर करीब 2 बजे परिजनों का उनसे संपर्क टूट गया. बाद में उनके साथियों से जानकारी मिली कि उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है. करीब 3 बजे फोन पर सूचना दी गई कि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है.
इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में भी मातम पसरा हुआ है. मृतक के पार्थिव शरीर को लाने के लिए एसोसिएशन के सदस्य पश्चिम बंगाल रवाना हो चुके हैं. परिजनों को फिलहाल वहां जाने से मना किया गया है.
आज आएगा शव, जांच की मांग
बताया जा रहा है कि सोमवार को शव को जैप-8 लेस्लीगंज लाया जाएगा, जहां से उसे पैतृक गांव पंचपोखरी भेजा जाएगा. इसके बाद हैदरनगर में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. फिलहाल विभाग ने मौत का कारण ब्रेन हेमरेज बताया है, लेकिन परिजन पूरे मामले की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
